षड़यंत्रकारियों को खोज खोज कर निकाला जायेगा: शाहदेव
काफी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ताओ ने पुतला दहन कार्यक्रम में भाग लिया
लातेहार। झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि भाजपा के नेताओं ने एक साजिश के तहत झारखंड की सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया है. लेकिन भाजपा की यह मंशा नाकाम रही. लोग भाजपा के इस षड़यंत्र को जान चुके हैं. उन्होने कहा कि चपई सोरेने के सहायक और अन्य भाजपा नेताओ ने मिल कर भोगनाडीह में हिंसा फैलाने काम किया. इसके लिए सप्ताह पहले से गांव गांव में घुम कर षड़यंत्र रच रहे थे. श्री राम गुरूवार को जिला मुख्यालय में झारखंड सरकार को बदनाम करने की साजिश रचने के विरोध में झामुमो के द्वारा भाजपा का पुतला दहन कार्यक्रम मे प्रेस से मुखातिब हो रहे थे.
उन्होने आगे कहा कि 30 जून को भाजपा के कार्यकर्ता और नेताओं ने हिंसा व अव्यवस्था फैला कर झारखंड सरकार को बदनाम करने की कोशिश की, इसके विरोध में भाजपा का पुतला दहन किया गया. उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ ढिंढोरा पीटती है कि वह आदिवासियों की हितैषी है. वास्तव में भाजपा आदिवासियों की घोर विरोधी है. यही कारण है कि उन्होने अभी तक सरना कोड को मान्यता नहीं दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रदेश में गंदी राजनीति कर रही है. इसे झारखंड मुक्ति मोरचा बरदास्त नहीं करेगी. साजिश फैलाने वाले लोगों को खोज खोज कर निकाला जायेगा और उनका चरित्र उजागर किया जायेगा. पुतला दहन कार्यक्रम में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरूण कुमार दुबे, जिप सदस्य विनोद उरांव, आर्सेन तिर्की, अहद खान, युवा जिला उपाध्यक्ष अंकित पांडेय, अशोक पांडेय, जिला प्रवक्ता सुशील यादव समेंत झामुमो के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.