लातेहार। जिला नियोजन सह जिला कौशल पदाधिकारी संतोष कुमार के दिशा-निर्देशानुसार दक्ष अकादमी स्किल सेंटर, लातेहार से मुख्यमंत्री सारथी योजना का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी 15 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए केपीआर मिल्स, तिरुपुर भेजा गया. इस अवसर पर स्टेट हेड मानवेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अभ्यर्थियों को रोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की तथा रोजगार के माध्यम से मिलने वाले लाभों और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने अभ्यर्थियों को कार्यस्थल पर अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया. प्लेसमेंट टीम की ओर से ममता ने भी अभ्यर्थियों को रोजगार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा उन्हें अपने करियर के प्रति सजग और जिम्मेदार रहने का संदेश दिया. केंद्र प्रबंधक नीरज कुमार ने सभी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार प्राप्त कर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं तथा आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं.