बालूमाथ (लातेहार):– बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मगध कोलियरी इलाके में पुलिस ने अवैध रूप से कोयला परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 31 टन कोयला लदे एक हाईवा को जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. जब्त हाईवा का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच16एफ-1434 है. पुलिस की जांच में वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ. बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मगध कोलियरी क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला लदा एक हाईवा निकलने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मगध कोलियरी क्षेत्र में हाईवा को पकड़ लिया. हालांकि पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. तलाशी के दौरान वाहन से कोयला से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला. इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 92/2026 दर्ज कर हाईवा को जब्त कर लिया गया है. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है, तथा अवैध कोयला परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.