लातेहार। जिला नियोजन कार्यालय लातेहार द्वारा मंगलवार को जिला खेल स्टेडियम परिसर में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने किया. इस रोजगार मेला में विभिन्न राज्यों से आए नियोजक ने अलग-अलग पदों के लिए कुल 70 युवक-युवतियों का चयन किया गया. जबकि 25 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है.
जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने लोगों को जिला नियोजनालय द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने युवाओं से जिला नियोजनालय में अपना नाम निबंधित कराने की अपील की, ताकि उन्हें रोजगार से जुड़ी योजनाओं और अवसरों का लाभ मिल सके.
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेला में कुल 17 नियोजकों ने भाग लिया और उनके द्वारा 1879 रिक्तियों की जानकारी दी गई. इसके अलावा मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित आवासीय एवं गैर-आवासीय कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण के लिए भी युवक-युवतियों को प्रेरित किया गया. मेले में युवाओं से जिला नियोजनालय में निबंधन के लिए फॉर्म भी लिए गए, उनका पंजीकरण किया जाएगा. इस अवसर पर कार्यालय के अन्य कर्मी सुभाष कुमार, प्रवीन तिर्की, लक्ष्मी कान्त तिवारी एवं धीरेंद्र यादव भी उपस्थित थे.