झारखंड
राजद के जिला स्तरीय सम्मेलन में लातेहार विस से राजद प्रत्याशी उतारने की मांग उठी


कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में आगामी विधानसभा चुनाव में लातेहार विधानसभा सीट से राजद का अधिकृत प्रत्याशी उतारने की मांग रखी. देवघर विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है. विश्रामपुर विधायक नरेश सिंह ने कहा कि राजद सामाजिक न्याय, गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने वाली पार्टी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है. पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया.
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया. जिला अध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से राजद जिले में और अधिक मजबूत होगा. मौके पर रंजीत यादव, भोला सिंह, मोहर यादव, बली यादव, चेतन यादव, जितेंद्र यादव, बलराम प्रसाद साहू, संतोष यादव, दीपक यादव, उपेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, बलराम यादव व नीरज यादव समेत काफी संख्या मे कार्यकर्ता मौजूद थे.