बरवाडीह (लातेहार)। बेतला टूर एंड ट्रेवल्स के प्रबंध निदेशक एवं होटल संचालक असलम अंसारी एवं जेएमएम के प्रखंड अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री को आवेदन सौंपकर कोलकाता स्थित झारखंड पर्यटन एवं सूचना केंद्र को पुनः चालू करने की मांग की है. उनका कहना है कि वर्ष 2024-25 में वित्तीय कारणों का हवाला देकर कोलकाता स्थित पर्यटन एवं सूचना केंद्र को बंद कर दिया गया था, जिससे झारखंड आने वाले पर्यटकों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. आवेदन में बताया गया है कि कोलकाता और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में पर्यटक बेतला नेशनल पार्क, नेतरहाट सहित झारखंड के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आते हैं. सूचना केंद्र बंद होने के कारण पर्यटकों को यात्रा संबंधी जानकारी, मार्गदर्शन और अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं. इसका सीधा असर राज्य के पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है. असलम अंसारी ने पर्यटन मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित एवं पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए कोलकाता स्थित झारखंड पर्यटन एवं सूचना केंद्र को पुनः संचालित किया जाए. उनका कहना है कि इससे पश्चिम बंगाल से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, राज्य के पर्यटन राजस्व में इजाफा होगा तथा होटल संचालकों, वाहन संचालकों, स्थानीय व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. शशि भूषण तिवारी ने कहा कि बेतला क्षेत्र के कई होटल संचालकों ने भी इस मांग का समर्थन किया है. सभी का मानना है कि सूचना केंद्र दोबारा शुरू होने से झारखंड के पर्यटन को नई गति मिलेगी और बेतला, नेतरहाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी. आवेदन के माध्यम से सरकार से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं मौके पर जेएमएम प्रखंड उपाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति, आमिर खान, कुर्बान अंसारी, नागेश्वर उरांव, अफजल अंसारी, अजय प्रधान, अख्तर अंसारी, सौदागर अंसारी समेत जेएमएम कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे.