लातेहार। बुधवार को लातेहार व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने जस्टिस ऑन व्हील्स (चलंत लोक अदालत) वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सिंह ने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण आज भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं. यह जस्टिस ऑन व्हील्स वाहन इसी खाई को पाटने का काम करेगी. यह चलंत लोक अदालत वाहन पूरे जुलाई माह लातेहार जिला के सभी प्रखंडों, पंचायतों और सुदूरवर्ती गांवों का दौरा करेगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को कानून की बुनियादी जानकारी देना, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना और उनके भीतर विधिक चेतना पैदा करना है. उन्होने बताया कि इस वाहन में विधिक स्वयंसेवकों और कानूनी विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी. यह टीम न सिर्फ लोगों को जागरूक करेगी, बल्कि ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को सुनेगी और प्राधिकार के माध्यम से उनका त्वरित समाधान निकालने का प्रयास करेगी. छोटे-मोटे विवादों को आपसी समझौते के आधार पर सुलझाने में भी यह वाहन मददगार साबित होगा. इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (प्रथम) दिनेश कुमार मिश्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (द्वितीय) सुनील दत्त द्विवेदी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीष (प्रोबेशनरी) दीपक कुमार, सीजेएम विक्रम आन्नद, डालसा सचिव शविम चौरसिया, बार एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार के अलावा कई अधिवक्ता व पीएलवी तथा न्यायालयकर्मी उपस्थित थे.