लातेहार। आगामी दुर्गापूजा 2026 को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर जिले भर में बैठकों का दौर जारी है. प्रशासन ने जिले में निर्विघ्न व सोहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा करने की तैयारी कर रही है. जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्रों में बैठक की जा रही है. जिला स्तरीय बैठक आगामी आठ अक्टूर को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयाजित की जायेगी. इससे पहले सात अक्टूबर को जिला मुख्यालय के नगर पंचायत क्षेत्र के पूजा समितियों की बैठक पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन, स्टेशन रोड में आयोजित की जायेगी. बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव भाग लेगें. बैठक पूर्वाह्न 11:30 बजे आयोजित की जायेगी. नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह के अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में इसमें दुर्गापूजा के दौरान व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा समेत पूजा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा. बैठक में सार्वजनिक रामचरित मानस पूजा समिति अम्बाकोठी, काली मंदिर, प्रखंड परिसर, राजा दुर्गाबाड़ी, वैष्णव दुर्गा मंदिर, करकट, नवरंग चौक, बाजारटांड़, रेलवे लातेहार आरएस तथा धर्मपुर की दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. नगर पंचायत की ओर से सभी संबंधित पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव से निर्धारित तिथि एवं समय पर ससमय बैठक में उपस्थित होने की अपील की गई है.



