महुआडांड़ (लातेहार)। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को ले कर स्थानीय बिरसा चौक के समीप मंगलवार को परिहवन विभाग के तत्वावधान में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सुनील कुमार ने किया. इस दौरान छोटे-बड़े वाहनों की जांच की गई. जांच अभियान में एएसआई नौशाद अहमद सहित पुलिस बल के जवान भी मौजूद थे. अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य छोटे-बड़े वाहनों को रोककर उनके आवश्यक कागजातों की जांच की गई. इसमें वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, हेलमेट एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई. यातायात नियमों का पालन करने को लेकर वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. अभियान में छोटे-बड़े वाहनों को मिलाकर कुल 43,500 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया. एमवीआई सुनील कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करे. वाहन के सभी जरूरी कागजात दुरुस्त रखें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल अवश्य करें.