बरवाडीह (लातेहार)। आगामी दिनों में आयोजित होने वाली लातेहार जिला कराटे प्रतियोगिता को लेकर बरवाडीह के कराटे खिलाड़ी इन दिनों जोरदार तैयारी में जुटे हैं. रेलवे स्पोर्ट्स क्लब बरवाडीह में प्रतिदिन खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर कराटे की विभिन्न तकनीकों और दांव-पेंच का प्रशिक्षण ले रहे हैं. प्रशिक्षण में संत क्लारेट स्कूल, चिल्ड्रेन पैराडाइज स्कूल छिपादोहर समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं. खिलाड़ियों को मुख्य कराटे प्रशिक्षक सेंसई मदन लाल द्वारा नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ कराटे की बारीकियों, आत्मरक्षा की तकनीक और प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के गुर सिखाए जा रहे हैं. खिलाड़ी भी पूरी लगन और उत्साह के साथ अभ्यास में जुटे हुए हैं. लातेहार जिला कराटे संघ के सचिव जंग बहादुर सिंह के अलावा चंदन कुमार, रमेश कुमार और रंजन सिंह भी खिलाड़ियों की तैयारियों में भरपूर सहयोग कर रहे हैं. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के प्रतिभावान कराटे खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य स्तर के लिए तैयार करना है. मुख्य प्रशिक्षक सेंसई मदन लाल ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रांची के खेलगांव में स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन द्वारा किया जाएगा. इसे लेकर खिलाड़ी अभी से अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं.