लातेहार। जनगणना 2027 में ओबीसी समाज की स्पष्ट पहचान, सही आंकड़ों और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की मांग कांग्रेस ने की है. रविवार को स्थानीय परिषदन भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने इसकी मांग की. प्रेस वार्ता में कांग्रेस सचिव अमित कुमार साहू और जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव समेंत अन्य कांग्रेसियों ने भाग लिया.
कामेश्वर यादव ने कहा कि जातिगत जनगणना सामाजिक न्याय की नीतियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. ओबीसी समाज की वास्तविक संख्या और स्थिति का सही आकलन तभी संभव है, जब जनगणना में उनकी स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जायेगी. उन्होने ओबीसी को अलग कैटेगरी के रूप में शामिल करने के साथ प्री वेरिफाईड कास्ट लिस्ट और सांइटिफिक डिजीटल कोडिंग सिस्टम अपनाने की मांग की. प्रदेश सचिव श्री साहू ने कहा कि सही आंकड़ों के बिना सामाजिक न्याय अधूरा है. जनगणना 2027 में ओबीसी को एससी व एसटी की तरह अलग कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए. प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, रोजगार एवं राजनीतिक भागीदारी का वैज्ञानिक आकलन किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार और तेलंगाना के अनुभवों से सीखते हुए जातिगत जनगणना को वैज्ञानिक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना चाहिए. कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इन्हीं सब मांगों को लेकर 16 सितंबर को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से लोकभवन तक मार्च निकाला जाएगा. प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव आफताब आलम, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, सेवा दल अध्यक्ष बृंद बिहारी यादव, प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान, अख्तर हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद थे.