लातेहार। बारियातू थाना क्षेत्र के बरनी पेट्रोल पंप के समीप वाहन यूरिया सर्विस सेंटर के गढ्ढे मे जमा पानी पीने से रविवार को दो किसानों के पांच पशुओं की मौत हो गई. किसान रामेश्वर यादव का दो खेतिहर बैल एवं जगदेव उरांव की दो गर्भवती बकरी एवं एक बकरा शामिल है. जानवरों की मौत की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीण यूरिया सर्विस सेंटर को जानवरों के मौत का कारण बता रहे थे. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर यूरिया सर्विस सेंटर के कर्मी अनीश यादव से पूछताछ की. पीड़ित किसान डाढा पंचायत के पुक्चु ग्राम निवासी रामेश्वर यादव व जगदेव उरांव ने बताया कि हर रोज़ की तरह आज भी अपने दोनों खेतिहर बैल को चराने के लिए मुख्य सड़क पार कर जंगल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बरनी पेट्रोल पंप के समीप स्थित यूरिया सर्विस सेंटर के बाहर गढ्ढे मे जमा दूषित पानी को खेतिहर बैल एंव जगदेव उरांव के बकरी एवं एक बकरा ने पी लिया. थोड़ी दूर पर ही पांचों पशु अचेत हो गए. जब तक पशु चिकित्सा वाहन पहुंच पाता देखते देखते सभी पांचों पशुओं की मौत हो गई. पीड़ित किसानों ने यह भी बताया कि बीते दो माह पूर्व भी इसी दूषित पानी पीने से नारायण उरांव का भी दो खेतिहर बैल की मौत हो चुकी है. पीड़ित किसानो ने संबंधित विभाग एंव यूरिया सर्विस सेंटर के संचालक से मुआवजा कि मांग किया है. किसान रामेश्वर यादव ने बताया कि छह माह पूर्व खेती के गरज से दोनों बैलों को 40 हजार रूपये में खरीदा था.