बरवाडीह (लातेहार)। स्मार्ट बिजली मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. बुधवार को प्रखंड के बेतला, सरईडीह, पोखरी समेत कई गांवों के दर्जनों उपभोक्ता बरवाडीह पावर सब स्टेशन पहुंचे और विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के एसडीओ अमित कुमार से मुलाकात कर बिजली बिल में जल्द सुधार की मांग की. उपभोक्ताओं ने एसडीओ को आवेदन सौंपते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में अचानक कई गुना वृद्धि हो गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. उनका कहना था कि यदि अगले बिल जारी होने से पहले समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे पावर सब स्टेशन के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे. इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग के अधिकारियों की होगी. इस संबंध में एसडीओ अमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अब तक करीब 50 से 55 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. इनमें से 60 से 70 उपभोक्ताओं ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि यह तकनीकी समस्या प्रतीत हो रही है. मामले की जानकारी लिखित रूप से विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा. एसडीओ ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जिन मामलों में तकनीकी गड़बड़ी पाई जाएगी, उनमें आवश्यक सुधार किया जाएगा.