बरवाडीह (लातेहार)। सोमवार को बरवाडीह प्रखंड के बहेराटाड़ में भाकपा माले की ओर से जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड रमेश कुमार की अध्यक्षता में प्रतिरोध मार्च निकाला गया. बहेराटाड़ अस्पताल के समीप से शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया. प्रतिरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाकपा माले जिंदाबाद, प्रिंस खान सहित उसके संरक्षकों को गिरफ्तार करो माफिया और बुलडोजर राज को ध्वस्त करो, माले विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी की सुरक्षा की गारंटी करो, धनबाद में माफिया राज नहीं चलेगा तथा गृह मंत्री अमित शाह मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए. मार्च बहेराटाड़ की प्रमुख गलियों से होकर नीलांबर-पीतांबर चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया. इस दौरान प्रिंस खान एवं उसके कथित संरक्षकों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई. सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव कॉमरेड बिरजू राम ने कहा कि भाकपा माले का इतिहास संघर्ष और बलिदान का रहा है. उन्होंने कहा कि कॉमरेड गुरुदास चटर्जी, महेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने गरीबों, मजदूरों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में अपने प्राण न्योछावर किए हैं और आज भी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार है. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद क्षेत्र में माफिया तत्वों का प्रभाव बढ़ रहा है और भाकपा माले विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी इनके खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहे हैं. बिरजू राम ने दावा किया कि विधायक को प्रिंस खान की ओर से धमकी दी गई है, जिसे पार्टी गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी कीमत पर माफिया राज को स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में बढ़ती माफियागिरी और गुंडागर्दी पर प्रभावी रोक लगाने में केंद्र सरकार विफल रही है. उन्होंने मांग की कि प्रिंस खान एवं उसके कथित संरक्षकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित की जाए. सभा को कॉमरेड कमलेश सिंह, सुदामा राम, मंजू देवी सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.