बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड क्षेत्र के बेतला स्थित पुराने पंचायत भवन, कुटमु के प्रांगण में रविवार को एक्सप्रेस ठहराव संघर्ष समिति की बैठक हुई. फौजदार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केचकी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की पुरानी मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. समिति ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर मांग पर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर इसे और तेज किया जाएगा. अध्यक्ष फौजदार सिंह ने कहा कि केचकी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग है. एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीणों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है. इससे लोगों को समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. समिति के सचिव सलाम अंसारी ने कहा कि केचकी रेलवे स्टेशन से बेतला नेशनल पार्क की दूरी महज करीब सात किलोमीटर है. ऐसे में यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी. इससे बेतला और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं. आंदोलनकारी संघर्ष समिति के केंद्रीय सचिव सह एक्सप्रेस ठहराव संघर्ष समिति के प्रवक्ता अली हसन अंसारी ने कहा कि केचकी में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव केवल यात्री सुविधा का मामला नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के पर्यटन और विकास से भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि मांग को लेकर समिति चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा. कोषाध्यक्ष हरेराम सिंह ने कहा कि समिति ने संबंधित स्तर पर मांग को लेकर पर्याप्त समय दिया है. यदि 15 दिनों के अंदर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो समिति आंदोलन के लिए बाध्य होगी. जल्द ही आंदोलन की अगली रणनीति और कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी. वहीं बैठक में सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह, प्रवीण सिंह, आनंद सिंह, सिद्धेश्वर सिंह, विनोद प्रसाद, दीपक प्रसाद, जयगोविंद विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद थे.