मोहर सिंह यादव ने खुद को बताया निर्वाचित जिलाध्यक्ष, बृंद बिहारी यादव ने प्रदेश के नोटिफिकेशन को ठहराया वैध
लातेहार। जिला मुख्यालय में रविवार की दोपहर यादव समाज की बैठक जिलाध्यक्ष मोहर सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में लातेहार जिला यादव महासभा के जिलाध्यक्ष पद को लेकर उत्पन्न विवाद प्रमुख रूप से छाया रहा. प्रदेश नेतृत्व द्वारा बृंद बिहारी यादव को नया जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने के फैसले का बैठक में शामिल लोगों ने पुरजोर विरोध किया. बैठक की अध्यक्षता कर रहे मोहर सिंह यादव ने कहा कि वे यादव समाज के वास्तविक जिलाध्यक्ष हैं. उनका चयन समाज के लोगों की सर्वसम्मति एवं चुनाव प्रक्रिया के तहत किया गया है.
उन्होंने कहा कि बृंद बिहारी यादव को जिलाध्यक्ष बनाने का प्रयास प्रदेश स्तर से किया जा रहा है, जिसे समाज के लोग स्वीकार नहीं करेंगे. वहीं, बृंद बिहारी यादव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि संगठन में सभी कार्य नियमों के अनुसार होते हैं. नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बलवंत यादव पूरे प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव कर रहे हैं. इसी प्रक्रिया के तहत नोटिफिकेशन जारी कर उन्हें लातेहार का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उन्होंने कहा कि मोहर सिंह यादव वर्तमान में जिलाध्यक्ष हैं या नहीं, यह वही बता सकते हैं. बैठक में उपस्थित लोगों ने निर्णय लिया कि मोहर सिंह यादव अपने निर्धारित कार्यकाल तक जिलाध्यक्ष बने रहेंगे. साथ ही प्रदेश नेतृत्व से मांग की गई कि बृंद बिहारी यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त करने संबंधी जारी पत्र को तत्काल निरस्त किया जाए. बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि प्रदेश नेतृत्व द्वारा उक्त नोटिफिकेशन निरस्त नहीं किया गया, तो लातेहार जिला यादव महासभा प्रदेश स्तर के किसी भी कार्यक्रम में भाग नहीं लेगी और प्रदेश के नेताओं के लातेहार आगमन पर भी बहिष्कार किया जाएगा. बैठक में लक्ष्मण यादव, बलि यादव, रामप्रवेश यादव, देववंश यादव, व्यास यादव, गंगा यादव, जितेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, बालेश्वर यादव, रघुनंदन यादव, रणजीत यादव, अरविंद यादव, रूपेश यादव, एस. मोदी यादव, बंशी यादव, दारोगी यादव, लाली, गणेश्वर यादव, रामकुमार यादव, सुजीत यादव, प्रदीप यादव, बलराम यादव, नागेश्वर यादव, विजय यादव एवं पंकज यादव समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे.