बालूमाथ (लातेहार):– बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के शेरगाड़ा रोड स्थित अफजल लाइफ केयर हॉस्पिटल में कथित रूप से अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद 13 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद रविवार को आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया. मृतका की पहचान शिवानी कुमारी के रूप में हुई है. वह शेरगाड़ा उच्च विद्यालय की छठी कक्षा की छात्रा थी. परिजनों के अनुसार पेट में दर्द की शिकायत के बाद शुक्रवार को उसे अफजल लाइफ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. शनिवार को उसका अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद देर रात उसकी तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि किशोरी की मौत के बाद अस्पताल के कर्मी बिना परिजनों को जानकारी दिए शव को रांची ले गए और वहां के एक हॉस्पिटल में छोड़कर चले गए. इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने रविवार को अफजल लाइफ केयर हॉस्पिटल पहुंचकर हंगामा किया. घटना की सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली. हंगामे के दौरान अस्पताल के कर्मी मौके पर मौजूद नहीं थे. इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद किशोरी की मौत के मामले में अग्रतर कार्रवाई की जाएगी.