बरवाडीह (लातेहार)। छिपादोहर पंचायत भवन में बुधवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया, लेकिन पर्याप्त प्रचार-प्रसार और पूर्व जानकारी के अभाव में स्थानीय लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका. ऑनलाइन आवेदन की अनिवार्यता की जानकारी नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में लोग बिना आवेदन किए ही शिविर पहुंचे और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा. प्राप्त जानकारी के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया के तहत शिविर में दस्तावेज जमा करने से पहले ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक था. हालांकि शिविर की सूचना और आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार नहीं किया गया. इसके चलते अधिकांश स्थानीय लोगों ने पहले से ऑनलाइन आवेदन नहीं कराया था. जब वे पंचायत भवन पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि बिना ऑनलाइन आवेदन के उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया जा सकता. शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन की ओर से समय रहते आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाती, तो अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकते थे. दूर-दराज के गांवों से आए कई लोग बिना काम के मायूस होकर लौट गए. इधर, बीते बुधवार को बेतला में भी ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाया गया था, लेकिन वहां भी कार्य नहीं हो सका. इसके बाद बेतला क्षेत्र के कई ग्रामीण अपने दस्तावेज लेकर छिपादोहर पहुंचे और यहां आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराई. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे शिविरों से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था में भी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ मिल सके.