लातेहार। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ के गुरुद्वारा रोड निवासी महेंद्र प्रसाद और सरस्वती देवी ने आर्थिक तंगी के बावजूद अपने दो बेटों को आफिसर बनाया है. उनके बेटों ने भी यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों में भी मुकाम हासिल की जा सकती है बर्शते कुछ करने की मन में ललक हो. काफी सरल और मिलनसार महेंद्र प्रसाद शहर के थाना चौक में खैनी बेचने का छोटा सा व्यवसाय करते हैं. लेकिन उन्होने कभी अपने बच्चों की तालिम में कोई कमी नहीं रखी. उनके बच्चे भी बड़े होनहार थे और अपने माता पिता के सपनों को पूरा करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी. महेंद्र प्रसाद के छोटे बेटे लक्षमण प्रसाद का बिहार लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 1433 वीं रैंक के साथ चयन हुआ है.लक्ष्मण ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिजनों को दिया. श्री प्रसाद का बड़ा बेटा दीपक प्रसाद नई दिल्ली में आयकर अधिकारी हैं. महेंद्र प्रसाद ने यह साबित कर दिया कि विषम परिस्थितियों में भी धैर्य नहीं खोना चाहिए.