बरवाडीह (लातेहर)। प्रखंड क्षेत्र में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य सहिया एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) को आवंटन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले पांच माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है. इससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है तथा परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है. मानदेय भुगतान में हो रही देरी को लेकर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मंटू कुमार से मुलाकात की. उन्होंने भुगतान में विलंब के कारणों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर स्वास्थ्य सहिया एवं सीएचओ का लंबित मानदेय जल्द जारी करने का आग्रह किया. संतोषी कुमारी ने कहा कि स्वास्थ्य सहिया और सीएचओ ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं. ये स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. ऐसे कर्मियों का मानदेय महीनों तक लंबित रहना चिंताजनक है. उन्होंने भुगतान में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की. इस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मंटू कुमार ने बताया कि डाटा मैनेजर विनीता कुमारी के अवकाश पर रहने के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई थी. उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर लंबित मानदेय भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी.