लातेहार। जिले में धनतेरस पर्व की धूम देखने को मिली. शनिवार को सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही. लोगों ने पारंपरिक रूप से सोना-चांदी, बर्तन, दीपक, और पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की. शहर के मुख्य बाजार, स्टेशन रोड, थाना चौक और सब्जी मंडी इलाकों में दिनभर रौनक बनी रही. विक्रेताओं के अनुसार इस बार कीमतों में थोड़ी वृद्धि जरूर हुई है, लेकिन ग्राहकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. दीया ₹130 प्रति सैकड़ा बिका, जबकि कलश की कीमत ₹30 जोड़ा रही. धूपदानी का भाव भी ₹30 जोड़ा था, जो पिछले साल से ₹10 अधिक रहा. मिट्टी के घोड़े ₹40 प्रति जोड़ा बिके, जिनकी खूब मांग रही. महिलाएं और बच्चे नई खरीदारी को लेकर उत्साहित दिखे. बाजारों में रोशनी, रंगोली और सजावट ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया. दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में करीब 20% की बढ़ोतरी हुई है. शाम होते-होते हर ओर दीपों की जगमगाहट और खरीदारी की चहल-पहल से पूरा शहर धनतेरस के उल्लास में डूब गया.