बरवाडीह (लातेहार)। झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ, जिला इकाई लातेहार के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जेएसएलपीएस के बीपीएम अरुण कुमार के नेतृत्व में मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह को विभिन्न लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष कर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया. ज्ञापन में कहा गया है कि जेएसएलपीएस में कार्यरत स्तर-5 से स्तर-8 के आजीविका कर्मियों का वेतन पुनर्गठन, नई मानव संसाधन नीति तथा संशोधित एमएचआरएम नीति लंबे समय से लंबित है. संघ का आरोप है कि वर्ष 2025 में प्रबंधन और कर्मचारी संघ के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते तथा शासी निकाय की बैठक में लिए गए निर्णयों के बावजूद अब तक आवश्यक कार्यालयी आदेश जारी नहीं किए गए हैं. संघ ने बताया कि लंबित मांगों के समाधान के लिए लगातार पत्राचार, वार्ता और प्रशासनिक पहल की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण चरणबद्ध आंदोलन शुरू करना पड़ा. पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कलमबंद हड़ताल चल रही है. हालांकि, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) के साथ हुई टेलीफोनिक वार्ता और सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रस्तावित संपूर्ण हड़ताल को फिलहाल स्थगित करते हुए 27 से 29 जुलाई तक कलमबंद हड़ताल की अवधि बढ़ा दी गई है. संघ ने इस दौरान वार्ता समिति को औपचारिक रूप से आमंत्रित कर लंबित मामलों पर निर्णय लेने की मांग की है. ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघ आगे राज्यव्यापी संपूर्ण हड़ताल की घोषणा करने के लिए बाध्य होगा. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक रामचंद्र सिंह से मांगों को विधानसभा एवं सरकार के समक्ष मजबूती से रखने तथा कर्मियों के हित में शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया. संघ ने विश्वास जताया कि विधायक के हस्तक्षेप से आजीविका कर्मियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा और राज्यभर के हजारों कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा.
वहीं विधायक रामचंद्र सिंह ने जेएसएलपीएस के कर्मियों को आश्वासन देते हुवे कहा कि आपकी मांग को राज्य सरकार के समक्ष रख आपकी मांगों को पूरा कराने का मेरा पूरा प्रयास रहेगा.
वहीं मौके पर संतोष कुमार, अखिलेश सिंह, जाबिर हुसैन, सुमित्रा देवी, अम्बिका कुमारी, राजकुमार यादव, मणिका प्रखंड के बीपीएम राम गिरी, बीपीओ आकाश कुमार साहू, राजकली कुमारी, सरोज देवी, अशोक कुमार, उमेश यादव बसंती देवी समेत कई जेएसएलपीएस कर्मी मौजूद थे.