लातेहार। चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने झारखंड राज्य के दो स्टेट हाईवे को राष्ट्रीय राजमार्ग में अपग्रेड करने का आग्रह सरकार से किया है. इसे ले कर सांसद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार,नई दिल्ली के सचिव से मुलाकात की और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया.
विज्ञापन
उन्होने स्टेट हाईवे-10 को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) में अपग्रेड करते हुए डालटनगंज बाईपास (NH-39) पोखराहा से खुर्द–पांकी–हेरहंज–बालूमाथ (NH-22) तक लगभग 90 किलोमीटर सड़क का निर्माण व विस्तार करने का अनुरोध किया. इसके अलावा दुबियाखांड (NH-39) से बेतला, गारू, महुआडांड, कुसमी, राजपुर (झारखंड) एवं छत्तीसगढ़ तक (कुल 155 कि.मी.) की सड़क को भी राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित करने का आग्रह किया.
विज्ञापन
उन्होने कहा कि इस सड़क के एनएच में अपग्रेड होने से झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा. सांसद ने कहा कि इन सड़कों का राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में उन्नयन न केवल झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा. इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी एवं लॉजिस्टिक्स और व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनायें विकसित होंगी.