लातेहार। नगर पंचायत समिति की बैठक बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में आयोजित की गई. बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर नगर क्षेत्र में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई. इस दौरान पूजा समितियों से उनकी तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई. बैठक में विभिन्न पूजा समितियों से पंडाल निर्माण, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई. पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से समिति को अवगत कराया. नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह एवं उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों को दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने नगर क्षेत्र और पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश पूजा समिति को दिया. पुअनि रमाकांत गुप्ता ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रूट डायवर्ट किया जायेगा.
oplus_131104
मौके पर अग्निशमन पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि अमरजीत सिंह, आनंद सिंह, वार्ड पार्षद मनोज कुमार गुप्ता, गुड़िया सिन्हा, जयराज कपूर, नसीरुद्दीन अंसारी, श्री रामचरित मानस नवाहन परायण पाठ समिति के सुदामा प्रसाद गुप्ता और सुनील कुमार शौंडिक, दुर्गा पूजा समिति रेलवे स्टेशन (बाजार) के अध्यक्ष असीम कुमार बाग, नवरंग चौक के नव युवक संघ के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, ललित पांडेय, जयराज कपूर, श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर के सचिव आशीष टैगोर के अलावा आकाश कुमार, गोविंद कुमार और सोनू कुमार, काली मंदिर के मुकेश सोनी, राजा दुर्गा बाड़ी के अंकित पाण्डेय और अश्विनी सिंह, वन एवं प्रखंड पूजा समिति सौरभ कुमार, करकट पूजा समिति के अयोध्या जायसवाल, धर्मपुर पूजा समिति के मनमोहन राम और रमेश प्रसाद और रेलवे स्टेशन पूजा समिति के रणधीर कुमार आदि मौजूद थे.