लातेहार। अपने सरयु प्रखंड के दौरे के क्रम में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने प्रखंड के गणेशपुर पंचायत में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुल निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं कार्य की वर्तमान स्थिति का स्थलीय जायजा लिया. इस दौरान उन्होने संबंधित विभाग को तकनीकी जांच करने का निर्देश दिया. उन्होने कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग ( आरडब्ल्यूडी) के कार्यपालक अभियंता को शीघ्र ही पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
https://driver.jugnoo.in/AH5JKGMmWXb
उन्होने स्पष्ट रूप से कहा कि पुल निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरदास्त नहीं की जाएगी. निर्माण कार्य में गुणवत्ता के सभी मानकों का पूरी तरह पालन करना आवश्यक है. इसके अलावा उपायुक्त ने लातेहार प्रखंड के राजकीयकृत उच्च विद्यालय, कोने एवं राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय, औरैया का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शैक्षणिक वातावरण, कक्षाओं की स्थिति, शिक्षक उपस्थिति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होने संबंधित शिक्षकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, विद्यालय में अनुशासन व नियमितता बनाये रखने का निर्देश दिया. बता दें कि उपायुक्त गुरूवार को आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष शिविर में भाग लेने सरयु प्रखंड गये थे. इस दौरान उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन आदि मौजूद थे.