बरवाडीह (लातेहार)। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) बरवाडीह में शिक्षक-अभिभावक बैठक सह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 12 बजे विद्यालय परिसर में हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सह सभापति रामचंद्र सिंह शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की वार्डन रूबी कुमारी ने विधायक रामचंद्र सिंह तथा उनके साथ आए अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित कर की. इसके बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. शिक्षक-अभिभावक बैठक में छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन संघर्ष, अनुशासन और शिक्षा की शक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण है. यदि छात्र-छात्राएं बड़े सपने देखें, कठिन परिश्रम करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है. शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है और आने वाला भविष्य आपके हाथों में है. आप सभी पूरे मन से पढ़ाई करें, अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करें तथा समाज और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं. वहीं कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही. उपस्थित लोगों ने डॉ. कलाम के आदर्शों पर चलने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. वहीं मौके पर जिप सदस्य संतोषी कुमारी, कांग्रेस जिला महासचिव अनिल सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह (पिंटू), अजय चंद्रवंशी, रविन्द्र राम, अवधेश मेहरा, विजय बहादुर सिंह समेत स्कूल के सभी शिक्षिकाएं, अभिभावक, बच्चे एवं कई लोग मौजूद थे.