बरवाडीह (लातेहार)। भीष्म नारायण सिंह विधि महाविद्यालय, भुसड़िया में आयोजित व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को अध्यनरत छात्रों को आपराधिक न्याय प्रशासन में पुलिस की भूमिका पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. इस सत्र में बरवाडीह के एसडीपीओ बिरेंद्र कुमार राम और थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने गेस्ट लेक्चरर के रूप में भाग लिया. उन्होंने छात्रों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत जांच की समय-सीमा, साइबर अपराध, मोटर वाहन अपराधों सहित अन्य अपराधों में पुलिस की शक्तियों तथा दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया. छात्रों ने अपने प्रश्न व शंकाएं प्रस्तुत कीं, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा किया गया. इस इंटरैक्टिव सत्र ने छात्रों को आपराधिक न्याय प्रणाली की व्यावहारिक समझ प्रदान की. प्राचार्य पंकज कुमार ने कहा कि विधि की शिक्षा केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक अनुभव भी देना आवश्यक है. यह महाविद्यालय का मूल लक्ष्य भी है. इस दौरान मौके पर श्यामली शर्मा, सोनम कुमारी, संध्या कुमारी, संदीप कुमार ठाकुर, प्रभात कुमार, उत्तम कुमार सहित कई विद्यार्थी मौजूद थे.