लातेहार। जिला मुख्यालय एवं अन्य प्रखंडों में मंगलवार को चैती छठ के दौरान अस्ताचलगामी सूर्य को बड़ी ही श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्घ्य दिया गया इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्ध्य दे कर अपने एवं अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की. शहर के चटनाही स्थित औरंगा नदी मुख्य छठ घाट पर हजारों लोगों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. यहां दोपहर दो बजे के बाद से ही छठ व्रतियों का आना जारी हो गया था. औरंगा नदी छठ घाट में श्री सूर्यनारायण पूजा समिति, लातेहार के द्वारा आकर्षक तोरणद्वार बनाया गया है. इसके अलावा छठ व्रतियों के लिए कई प्रकार की सुविधायें दी गयी है. अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि छठ व्रतियों के लिए अस्थायी स्नानागार बनाये गये. अर्घ्य के लिए नि:शुल्क दूध की भी व्यवस्था की गयी. इसे अलावा औरंगा नदी तट पर ध्वनि और प्रकाश की भी व्यवस्था की गयी. इसके अलावा शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र के अलावा गिजनियाटांड़, बाबानगरी, कीनामाड़ और बानपुर स्थित छठ घाटों में भी छठ व्रती व अन्य लोगों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. बुधवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य दी जायेगी. छठ को ले कर पूरा शहर छठ मइया के गीतो से गुंजायमान हो गया है. लोगों के अनुसार इस वर्ष अन्य वर्षों की तुलना में अधिक छठ व्रती है. बताया गया कि इस वर्ष मौसम भी अनुकूल है विगत दिनों हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है.