लातेहार। मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्यायें सुनी. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जाँच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा. पंचायत बेतला, प्रखण्ड बरवाडीह के ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित एक आवेदन प्रस्तुत किया गया. प्राप्त आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत बेतला में जनवितरण प्रणाली के अंतर्गत किरण महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा राशन वितरण किया जाता है, किंतु यूनिट के अनुरूप राशन का आबंटन प्राप्त नहीं हो रहा है. इस कारण राशन कार्डधारियों के बीच असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने आश्वस्त किया है कि पात्र लाभुकों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने हेतु हर संभव कदम उठाए जाएंगे. आज के जन शिकायत निवारण में मुख्य रूप से जमीन विवाद, म्यूटेशन, एलपीसी निर्गत करने संबंधी जुड़े आवेदन आये। जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया.