बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड कार्यालय के सभागार में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, लातेहार मेरी मडकी ने उपस्थित सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को नेशनल हाउस नंबर, एसडीडी तथा मैपिंग कार्य के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की. उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के कार्यों को पूरी पारदर्शिता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना अत्यंत आवश्यक है. साथ ही इन कार्यों को करते समय आवश्यक सावधानियों एवं निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों और समस्याओं का समाधान भी किया गया, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें. अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्वाचन कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया. इस मौके पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी बरवाडीह रश्मि रेखा मिंज, जिला निर्वाचन कार्यालय लातेहार से अतहर राजा और मनोज कुमार सहित बरवाडीह प्रखंड के सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षक उपस्थित थे. कार्यक्रम में निर्वाचन संबंधी कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने पर विशेष चर्चा की गई.