लातेहार। नगर पंचायत लातेहार ने एक सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए बताया है कि शहर अंतर्गत वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन में तकनीकी खराबी आई है. पाइपलाइन का गैस गेट अपनी निर्धारित स्थिति से बाहर आ गया है, जिससे जल शोधन संयंत्र (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) को अस्थाई रूप से बंद करना पड़ा है.
Advertisement
नगर पंचायत के कनीय अभियंता अमीत कुमार ने बताया कि मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और तकनीकी टीम समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने में जुटी हुई है. इस कारणवश अगले तीन से चार दिनों तक लातेहार शहर क्षेत्र के अंतर्गत जलापूर्ति योजना के तहत आपूर्ति होने वाला पानी हल्का मटमैला हो सकता है.
Advertisement
नगर पंचायत ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस असुविधा के लिए सहयोग करें और घरों में पानी को उबालकर या फिल्टर कर उपयोग करें. किसी भी प्रकार की जलजनित बीमारी से बचाव हेतु सावधानी बरतें. आगे कहा कि स्थिति सामान्य होते ही जलापूर्ति पुनः सुचारू कर दी जाएगी. नगर पंचायत ने भरोसा दिलाया है कि पानी की गुणवत्ता सुधारने हेतु हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.