महुआडांड़ (लातेहार)। पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के महुआडांड़ और बारेसाड़ वन क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों का आगमन हुआ है. इससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. महुआडांड़ के वनपाल कुंवर गंझु ने बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथी घुम रहे हैं. उन्होने रात में अकेले घर से नहीं निकलने की बात कही. कहा कि अगर जंगल में जाना जरूरी है तो झुंड में जायें और साथ में बचाव के उपाय भी रखे. उन्होने कहा कि वन विभाग की टीम हाथियों को जंगल से खदेड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. बता दें कि रविवार की रात एक हाथी ने महुआडांड़ रेंज के मेढरूआ गांव में जम कर उत्पात मचाया है. हाथी ने गांव के कृष्णकांत यादव के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. इतना ही नहीं हाथी ने घर में रखे करीब पांच-छह बोरा सरसों को चट कर गया. घर के लोगों ने बताया कि हाथी ने रसोईघर में रखे सामानों को भी नुकसान पहुंचाया और उन्हें बिखेर दिया. हाथियों ने बारेसांढ़ रेंज के चुहरा (गुरुटोला) में रुदन लोहरा और केश्वर मुंडा की रबी फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया.