लातेहार। विश्व आदिवासी दिवस-2026 के अवसर पर आदिवासी संस्कृति, परंपरा, कला एवं लोक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन (टाउन हॉल), लातेहार में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार सहित उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर किया गया।
oplus_131122
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला, भाषा एवं लोक विरासत झारखंड की विशिष्ट पहचान है। विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और सांस्कृतिक विरासत को याद करने तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का अवसर है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और नई पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है।
छऊ नृत्य और लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में नील कमल संस्था के कलाकारों ने आदिवासी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके अलावा सरायकेला-खरसावां शैली एवं पुरुलिया शैली के छऊ नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक संगीत, लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा और आदिवासी जीवनशैली की जीवंत झलक प्रस्तुत की। ट्रेडिशनल म्यूजिकल शो एवं नागपुरी गीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में ट्राइबल फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहा।
आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। सामुदायिक वन पट्टा से संबंधित लाभुकों को भी सम्मानित किया गया। नीलांबर-पीतांबर के वंशज कोमल सिंह खरवार को भी मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मंच संचालन स्थापना उप समाहर्ता एस गांगुली एवं पत्रकार आशीष टैगोर ने किया.
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे, जहां आमजनों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने स्टॉलों का भ्रमण कर विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी ली।
नियुक्ति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभुकों एवं चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके माध्यम से लाभुकों को रोजगार, स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयासों को गति मिली।
उपायुक्त ने रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने आमजनों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।
बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने विवेकानंद पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद किन्नमाड़ मोड़ स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपायुक्त ने दोनों महान विभूतियों के संघर्ष, योगदान एवं आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को स्मरण किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी, जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरि शंकर यादव, लातेहार विधायक प्रतिनिधि सोनू सिंह, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, कलाकार, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।