लातेहार। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से आठ व नौ अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. विशेष शिविर के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने, नाम/विवरण में आवश्यक सुधार कराने तथा परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष शिविर की व्यवस्थाओं एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. उपायुक्त ने बूथ संख्या 189 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डुडंगी कला) बूथ संख्या 190 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही पूर्वी भाग) बूथ संख्या 191 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही पश्चिमी भाग) बूथ संख्या 192 (उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जलता) बूथ संख्या 218 (उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, चूरिया) तथा बूथ संख्या 211 (उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कोने) का निरीक्षण किया. विशेष शिविर के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय, परसही, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जलता स्थित मतदान केंद्र पर नए मतदाताओं द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने नए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों, मतदाताओं की उपस्थिति तथा आवश्यक प्रपत्रों की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन दें. उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें. परिवार के सदस्यों के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के इच्छुक मतदाताओं को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी उपस्थित थे.