lps
latehar-tuiris
carnival 1
alisha 4 6
झारखंडबालुमाथ

टीवीएनएल के रजबार कोल ब्लॉक को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, सालाना 10 मिलियन टन होगा कोयला उत्पादन.

कमरुल आरफी.
बालूमाथ (लातेहार)। झारखंड में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार के उपक्रम तेनुघाट विद्युत निगम लिमिटेड (टीवीएनएल) को आवंटित रजबार ई एंड डी कोल ब्लॉक को पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 14 नवंबर 2026 को इस ओपनकास्ट कोयला खदान के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान की है. इसके साथ ही परियोजना में कोयला खनन शुरू करने की दिशा में एक बड़ी बाधा दूर हो गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रजबार ई एंड डी कोल माइंस की वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 मिलियन टन निर्धारित की गई है. इस परियोजना के शुरू होने से झारखंड में बिजली उत्पादन के लिए कोयले की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही राज्य के बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति के लिए बाहरी स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी. टीवीएनएल के विद्युत अधीक्षण अभियंता (पी एंड एस) की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में पर्यावरणीय मंजूरी मिलने की पुष्टि की गई है. केंद्रीय मंत्रालय की ओर से जारी स्वीकृति का विस्तृत विवरण केंद्र सरकार के पर्यावरणीय मंजूरी पोर्टल ‘परिवेश’ पर उपलब्ध कराया गया है. गौरतलब है कि कोयला आधारित बिजली उत्पादन में ईंधन की नियमित उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में रजबार कोल ब्लॉक टीवीएनएल के लिए भविष्य में कोयले का एक महत्वपूर्ण स्रोत साबित हो सकता है. हालांकि, पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद भी खनन कार्य शुरू करने के लिए परियोजना को अन्य आवश्यक वैधानिक अनुमतियों और प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा. कुल मिलाकर रजबार ई एंड डी कोल ब्लॉक को मिली पर्यावरणीय मंजूरी को झारखंड की ऊर्जा जरूरतों और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है. ज्ञात हो कि रजवार कोल ब्लॉक बालूमाथ के साथ साथ चंदवा व लातेहार सदर अंचल का क्षेत्र के अंतर्गत आता है. जिला खेल स्टेडियम में पिछले वर्ष पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई थी. कोल ब्लॉक के अधीन ग्रामीणों ने कंपनी पर पर स्थानीय हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था.

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Kamrul Aarfee

संवाददाता, बालुमाथ, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!