लातेहार। झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लातेहार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय लातेहार में संविधान दिवस मनाया गया. इस मौके पर जिला के न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारी एवं पारा लीगल वोलिंटियर ने संविधान की उद्देशिका को पढ़ा एवं संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति निष्ठा को दोहराया. सभी ने देश की संप्रभुता, अखंडता तथा नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सुरक्षा प्रदान करता है. न्यायिक व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों से यह अपेक्षा की गई कि वे आम जनमानस तक त्वरित और सुलभ न्याय पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर रहें. कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय सैयद सलीम फातमी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय सुनील दत्ता द्विवेदी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय दीपक कुमार, सीजेएम सह प्रभारी सचिव डालसा विक्रम आनन्द, एसीजेएम कुमारी जीव, सीनियर सिविल जज तृतीय सह-न्यायिक दण्डाधिकारी मीनाक्षी मिश्रा, अनुमण्डल न्यायिक पदाधिकारी प्रणव कुमार, प्रधान न्यायिक दण्डाधिकारी जेबेश-सह-प्रभारी न्यायाधीश उत्कर्ष जैन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अरविन्द नाथ शाहदेव, बार के सचिव संजय कुमार समेंत कई अधिवक्ता एवं व्यवहार न्यायालय के कर्मचारीगण उपस्थित थे.