
लातेहार। जिला अधिवक्ता संघ से जुड़े वरिष्ठतम अधिवक्ता दयाशंकर प्रसाद का निधन इलाज के दौरान हो गया है। उनके निधन पर वरियतम अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि संघ के एक बड़े स्तंभ को ईश्वर ने बुला लिया है। श्री प्रसाद ने कहा कि उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व हमेशा वकालतखाने में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

अधिवक्ता सुनील कुमार ने कहा कि स्व प्रसाद कानून की बारिकियों को बखूबी अदालत में पेश करने के लिए विख्यात थे। उनके निधन से लातेहार जिला को बड़ी क्षति हुई है। कुमार ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है एवं विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किया है।

संघ के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दया बाबू कानून की गहराइयों तक पहुंचने में कोई कसर नहीं छोड़ते थे। श्री सहदेव ने कहा कि वे हमेशा न्यायालय में लॉ और फैक्ट को रखते थे।

सचिव संजय कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय प्रसाद का व्यक्तित्व अनुकरणीय है। उन्होंने जिले वासियों को बड़ी कानूनी मदद किया है। मालूम हो स्वर्गीय प्रसाद अपने पीछे दो पुत्रों समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अधिवक्ताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।




