लातेहार। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद झारखंड में नगर निकाय के चुनाव 23 फरवरी 2026 को संपन्न हो गये. लातेहार में नगर पंचायत अध्यक्ष समेंत कुल 15 वार्ड पार्षदों के लिए 23 फरवरी को मतदान कराया गया. मतदाताओं ने आठ नगर अध्यक्ष और 56 वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के किस्मत लिख दी है. फैसला मतपेटियों में सील हो गया है. रिजल्ट 27 जनवरी को आयेगा. कुल 60 प्रतिशत मतदाताओं ने इसमें हिस्सा लिया.अब जब 27 फरवरी को मतपेटियों से जिन्न निकलेगा तो पता यह चल पायेगा कि सेहरा किसके-किसके सिर बंधेगा. तब तक प्रत्याशियों को इंतजार करना पड़ेगा. कहना गलत नहीं होगा अगले तीन दिन प्रत्याशियों के लिए करवटें बदलते गुजरेगीं. बता दें कि नगर पंचायत चुनाव 2026 में लातेहार में नगर पंचायत अध्यक्ष के कुल नौ प्रत्याशियों ने अपना परचा दाखिल किया था. इनमें बैजंती देवी, सेलेस्टीन कुजूर, भगतु नगेसिया, मिलयानी कुजूर, महेश सिंह, नीना कुमारी तिर्की, बिलासी तोपनो, आशा देवी व सुर्यदेव भगत शामिल था. लेकिन आशा देवी ने अपना नाम वापस ले लिया था. इस प्रकार इस चुनाव में अध्यक्ष पद के कुल आठ प्रत्याशी अपनी किस्मत आजामा रहे थे. इसमें सेलेस्टीन कुजूर ने स्वास्थ्य समस्याओं के कारण बिलासी तोपनो को अपना समर्थन दे दिया था.
वार्ड पार्षद के लिए 56 प्रत्याशी खड़े थे चुनावी समर में
वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 61 प्रत्याशियों ने अपना परचा भरा था. लेकिन स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद कुल 56 प्रत्याशी चुनावी समर में रह गये थे. इनमें वार्ड नंबर एक से छह, वार्ड नंबर दो से चार, वार्ड नंबर तीन से तीन, वार्ड नंबर चार से नौ, वार्ड नंबर पांच से तीन, वार्ड नंबर छह से तीन, वार्ड नंबर सात से चार, वार्ड नंबर आठ से चार, वार्ड नंबर नौ से तीन, वार्ड नंबर 10 से तीन, वार्ड नंबर 11 से दो, वार्ड नंबर 12 से तीन, वार्ड नंबर 13 से चार, वार्ड नंबर 14 से दो तथा वार्ड नंबर 15 से तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे थे. मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों के किस्मत का फैसला कर दिया है.