मैला पिलाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों पर नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर ममाला दर्ज किया

महुआडांड़ (लातेहार)। नेतरहाट थाना क्षेत्र के दौना गांव में एक वृद्ध को ‘डायन’ बताकर मैला पिलाने के मामले में पुलिस ने नेतरहाट थाना कांड संख्या 06/26 के तहत आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज किया है. पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छतना मुण्डा, धनेश्वर मुण्डा, कृष्णा मुण्डा समेत छह नामजद और 15 अज्ञात कुल 21 लोगों पर मामला दर्ज किया है. पुलिस अब उस बैठक में शामिल सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया. थाना प्रभारी ने कहा है कि कानून को हाथ में लेने वालों और अंधविश्वास के नाम पर किसी के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. बता दें कि मंगलवार को दौना गांव में एक बैठक बुलाई गई थी. बैठक में पीड़ित वृद्ध फुदन मुंडा पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाया गया था. आरोप है कि उन्हें जबरन मलमूत्र पिलाया गया. आरोपियों का कहना था कि एक सड़क दुर्घटना के पीछे उक्त वृद्ध का कथित ‘जादू-टोना’ जिम्मेदार है.



