लातेहार
एलडीसीए का चुनाव: निर्विरोध चुने जायेगें सभी अभ्यर्थी
लातेहार। लातेहार जिला क्रिकेट संघ (एलडीसीए) का चुनाव दिलचस्प हो गया है. स्क्रूटनी और नाम वापस लेने के निर्धारित समय बीत जाने के बाद कुल नौ पदों पर एक-एक अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं. ऐसे मे उनका निर्विरोध निवार्चन तय है. बता दें कि सत्र 2026-2030 की चुनाव प्रक्रिया के दूसरे दिन 23 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की गई. चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार उपाध्याय ने बताया कि स्क्रूटनी में सभी नामांकन पत्र वैद्य पाये गये. जिला खेल स्टेडियम स्थित संघ कार्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई. इसके बाद संध्या चार बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था. लेकिन किसी अभ्यर्थी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया. बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए पंकज कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष पद के लिए चंद्र प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए विष्णुदेव प्रसाद गुप्ता, अनिल सिंह और सुरेंद्र प्रसाद,सचिव पद के लिए अमलेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष पद के लिए सतीश कुमार द्विवेदी तथा संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए जावेद अख्तर और प्रकाश कुमार ने नामांकन किया है. 



