लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिले में बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ फिर से सख्त कार्रवाई शुरू की गई है. सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऐसे चालकों का ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है. जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मण्डल ने बताया कि गुरुवार की दोपहर चार बजे तक कुल 110 दुपहिया चालकों का चालान किया गया. चालान की प्रति सीधे संबंधित चालकों के मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है. जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार यह व्यवस्था सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जानमाल की क्षति कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है. जिला मुख्यालय के लगभग हर चौक-चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी जिला नियंत्रण कक्ष से की जा रही है. नियंत्रण कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार निगरानी करते हुए नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.