लातेहार। शनिवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में पाठ्यक्रम गतिविधियों (सीसीए ) के तह सत्र 2026–27 के लिए चारों सदनों एवं विभिन्न विभागों के प्रभारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं गायत्री मंत्र के साथ हुआ. सीसीए प्रभारी सूरज मिश्रा ने चयनित सदन प्रभारियों एवं विभागीय सदस्यों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया. सभी प्रभारियों ने ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली. शपथ ग्रहण के दौरान ऋग्वेद, सामवेद, अथर्ववेद एवं यजुर्वेद सदनों के छात्रों ने अपने-अपने सदनों का नेतृत्व करते हुए अनुशासन, सहयोग, खेल भावना एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने का संकल्प लिया. प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने कहा कि भले ही ये विद्यार्थी विद्यालय स्तर पर अपने दायित्वों के लिए शपथ ले रहे हैं, लेकिन भविष्य में यही छात्र विभिन्न उच्च पदों पर आसीन होकर बड़े स्तर पर देश एवं समाज की सेवा करेंगे. इस अवसर पर विद्यालय के कई शिक्षक व शिक्षिकायें मौजूद थीं.