लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार के ने सोमवार को उच्च विद्यालय उदयपुरा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उदयपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूमाथ, बालूमाथ प्रखंड कार्यालय , बरियातू प्रखंड कार्यालय, हेरहंज प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. उच्च विद्यालय उदयपुरा के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्रों की उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा की तथा शिक्षकों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया गया. इस दौरान वैसे शिक्षक जो अवकाश स्वीकृत कराए बिना अवकाश पर गए हुए हैं, इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय में अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक एवं कर्मी समय पर विद्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें तथा उपस्थिति का संधारण नियमित एवं सही ढंग से किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिक्षक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने बालूमाथ प्रखंड कार्यालय, बरियातू प्रखंड कार्यालय, हेरहंज प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की. उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों का संधारण सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखें. विशेष रूप से कैशबुक को नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया गया. इस दौरान अपर समाहर्ता रामा रविदास , डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, संबंधित अन्य उपस्थित थे.