लातेहार। भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व झारखंड मंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को पत्रकारों का मान-सम्मान बरकरार रखना चाहिए और उन्हें डराने-धमकाने की राजनीति बंद करनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में अमर बाउरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा संविधान और उसके नियमों का सम्मान करते हुए जनता को सहूलियत देने का काम करती है। उन्होंने कहा कि देश का चौथा स्तंभ पत्रकारिता ईमानदारी से अपना कार्य करती है और भाजपा हमेशा पत्रकारों को प्रोत्साहित करने का काम करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, झामुमो और राजद जैसी पार्टियां पत्रकारों को नियंत्रित करने और दबाने का प्रयास करती हैं। उनकी बात नहीं मानने पर पत्रकारों को धमकाया जाता है, झूठे मुकदमे में फंसाया जाता है और जेल भेजने तक का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि सत्ता का गलत इस्तेमाल कर प्रेस की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।अमर बाउरी ने गिरिडीह में पत्रकार बिशु मंडल के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पत्रकारों को डराने और प्रताड़ित करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकर्ताओं पर भी पत्रकारों को धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें डरने या घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे स्वतंत्र देश के स्वतंत्र नागरिक और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। बाउरी ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में प्रेस को पूरी स्वतंत्रता दी जाती है और विपक्ष खुलकर सवाल करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की मर्यादा और देश की संप्रभुता का ध्यान रखना भी जरूरी है। पूर्व मंत्री ने कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर प्रेस सुरक्षा कानून लागू किया जाएगा और पत्रकारों को खुलकर बोलने की पूरी आजादी और सुरक्षा दी जाएगी।