लातेहार। चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित होटल जेडब्लू मेरिएट में भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लिया. श्री सिंह ने बताया कि बैठक में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं, ऊर्जा बजट, व्यय प्रबंधन, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निगरानी एवं जवाबदेही व्यवस्था को और मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गयी. बैठक में सांसद ने चतरा लोकसभा क्षेत्र सहित झारखंड और देश के विभिन्न क्षेत्रों की ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं एवं चुनौतियों को प्रमुखता से रखा. उन्होने झारखंड में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं, उपभोक्ताओं की शिकायतों, स्मार्ट मीटर व्यवस्था में सामने आ रही कठिनाइयों तथा संभावित अनियमितताओं पर भी गंभीरता से ध्यान आकर्षित कराया. देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं भविष्य के लिए तैयार बनाने हेतु सौर, पवन एवं अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के व्यापक उपयोग पर विशेष बल दिया गया. उन्होने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि देश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती, पारदर्शी और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध हो तथा ऊर्जा क्षेत्र में जनहित, जवाबदेही और सुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता बने.