लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर सोमवार को चंदवा थाना क्षेत्र के ग्राम रेची में जन संपर्क अभियान चलाया गया. इस दौरान ग्रामीणों को साईबर ठगी, अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह पर रोकथाम के लिए बनाये गये कानूनो की जानकारी दी गयी.नशा मुक्त अभियान की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा करने से न सिर्फ मनुष्य का घर व परिवार वरन समाज भी प्रभावित होता है. उन्होने बताया कि नशापान करने से कैंसर जैसे असाध्य रोग हो सकते हैं. उन्होने खास कर युवाओं से नशा छोड़ कर अपनी उर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की अपील की. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को डायन बिसाही व ओझा गुणी जैसे सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की. कहा कि महिला को डायन कह कर प्रताडि़त करने पर सजा हो सकती है. उन्होन बाल श्रम व बाल विवाह की रोकथाम के लिए आगे आने की अपील की. जन संपर्क के दौरान डायल 112,1 098, 1930 आदि हेल्प लाइन नंबर की जानकारी दी गयी.