लातेहार। एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस के मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजहार, लातेहार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का उदघाटन सिविल सर्जन डा राजमोहन खलखो, पूर्व सीएस डा एसपी शर्मा व डा एसके सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएस डा खलखो ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. सेवा, समर्पण और मानवता की भावना ही चिकित्सा पेशे की सबसे बड़ी पहचान है. रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है. आपके द्वारा किये गये एक यूनिट रक्त कई मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है. डा सिंह ने कहा कि रक्तदान करने से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो पाता है. डा शर्मा ने कहा कि सभी स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए. रक्तदान शिविर में समाचार लिखे जाने तक छह यूनिट रक्त संग्रह किया. डा सैमयूल लकड़ा, डा श्रवण कुमार महतो, डा सुनील भगत, डा रूबी कुमारी और चिकित्साकर्मी पंकज कुमार व सफरूल अंसारी ने रक्तदान किया. मौके पर ब्लड बैंक के लैब टेक्निशियन बिनय कुमार सिंह समेंत कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे. रक्तदान करने वालों को सीएस व अन्य अतिथियों ने प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया.