लातेहार। लातेहार नगर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव ने विद्युत कार्यपालक अभियंता, लातेहार को आवेदन सौंपकर सदर प्रखंड के ग्राम रेहड़ा में क्षतिग्रस्त बिजली पोल और झूलते हाईटेंशन तारों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण गांव में बिजली का एक पोल गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि दूसरा पोल टूटकर पेड़ पर लटका हुआ है. इसके साथ ही 11,000 वोल्ट का बिजली तार सड़क के बेहद करीब आ गया है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. सुरेंद्र उरांव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक बाराती बस इस तार की चपेट में आ गई थी. बस के ऊपर रखा बड़ा बक्सा 11,000 वोल्ट के तार से टकरा गया, जिससे बक्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि संयोगवश उस समय कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया. उन्होंने कहा कि गांव में इस स्थिति से लोगों में डर और चिंता का माहौल है. सड़क से गुजरने वाले वाहन और राहगीर लगातार खतरे में हैं. उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द पोल और तार की मरम्मत कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी घटना न हो सके.