महुआडांड़ (लातेहार) स्वर्गीय हाजी रियाजउद्दीन अहमद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन रविवार को आवासीय विद्यालय परिसर स्थित स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। सांसें थाम देने वाले मुकाबले में कलाम स्पोर्ट्स क्लब, महुआडांड़ ने मायापुर की टीम को एक विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे क्रिकेट टूर्नामेंट का नेतृत्व युवा प्रखण्ड अध्यक्ष आमिर सुहेल ने किया। फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी तथा कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तेखार अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक एवं एसडीओ ने स्वयं बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मैच का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन तनवीर अहमद एवं लक्की सर ने किया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मायापुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 81 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलाम स्पोर्ट्स क्लब, महुआडांड़ की टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में एक विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे अंतिम क्षण तक दर्शकों में रोमांच बना रहा। समापन समारोह में अतिथियों के द्वारा विजेता कलाम स्पोर्ट्स क्लब, महुआडांड़ को ₹31,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता मायापुर की टीम को ₹21,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में आदिल खलीफा को मैन ऑफ द मैच, चंदन कुमार को मैन ऑफ द सीरीज तथा लाडले खान को बेस्ट बॉलर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी क्रिकेट जैसी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट लगातार आयोजित होने चाहिए। विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं तथा उन्हें नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष पप्पू खान, सचिव सद्दाम खान एवं स्पोर्ट्स प्रभारी शहीद अख्तर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला कांग्रेस आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, उपप्रमुख अभय मिंज, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी, कांता एक्का, मुखिया सुषमा कुजूर, पंचायत समिति सदस्य निर्मला टोप्पो, कांग्रेस युवा प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहेल, रामनरेश ठाकुर, अजय प्रसाद, रानू खान, नसीम अंसारी, जमुना प्रसाद सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।