Untitled-1 copy
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंड

जंगलों में दो दिन तक चला सर्च ऑपरेशन, हथियारों के साथ 63 कारतूस और आईईडी के दो कंटेनर बरामद

एसएसबी और लातेहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, थाना परिसर में एसडीपीओ पूजा कुमारी व सहायक कमांडेंट ने दी जानकारी

महुआडांड़ (लातेहार) लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न वन क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान चलाकर हथियार, कारतूस और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। 21 और 22 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान सुग्गा बांध के जंगल से राइफलें, मैगजीन और कारतूस मिले, जबकि आधे, दौना एवं दुरुप वन क्षेत्रों से आईईडी के दो स्टील कंटेनर समेत अन्य सामान बरामद किए गए। शुक्रवार को महुआडांड़ थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूजा कुमारी और एसएसबी के तिसिया समवाय के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। मौके पर महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास भी मौजूद थे। एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्तियों के अनुसार, 21 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक .303 राइफल, एक खाली मैगजीन,303 राइफल नौ राउड जिंदा कारतूस और कारतूस रखने की एक थैली बरामद की गई। कमांडेंट राजेश सिंह के मार्गदर्शन में तिसिया समवाय से मिली सूचना और आसूचना शाखा से पुष्टि के बाद एसएसबी सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।

इसमें एसएसबी के 24 जवानों के साथ महुआडांड़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र कुमार रजक शामिल थे। 22 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक खाली 9 एमएम पिस्टल मैगजीन और कुल 63 कारतूस बरामद किए गए। इनमें 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस और एक 7.62 एमएम जिंदा कारतूस शामिल हैं। इस अभियान में एसएसबी के 25 जवानों के साथ सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र कुमार रजक शामिल थे। इसी दिन एसएसबी की एफ समवाय बांसकरचा और महुआडांड़ थाना पुलिस ने आधे, दौना एवं दुरुप वन क्षेत्रों में भी संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। शाम करीब 5:15 बजे हुई बरामदगी में आईईडी के दो स्टील कंटेनर, 20 मीटर प्लास्टिक शीट, एक बंडल रस्सी, सिंथेटिक कपड़ा और रेत की दो बोरियां मिलीं। इस अभियान में एसएसबी के 27 जवानों के साथ महुआडांड़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार ठाकुर शामिल थे। दो दिनों के दौरान अलग-अलग वन क्षेत्रों में चलाए गए इन अभियानों में हथियारों, गोला-बारूद और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद हथियारों एवं गोला-बारूद के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संभावित रूप से छूटे अन्य हथियारों और गोला-बारूद की तलाश के लिए वन क्षेत्रों में सर्च अभियान भी जारी रखा गया। मौके पर पुअनि बंधन तिर्की, रामकुमार सिंह, मो शमशेर, एस आई रमेश चंद्र, ए एस आई गौतम कुमार, एस एस बी के जवान सुरेन्द्र महतो, अमित कुमार, अक्षय कुमार पांडे,सतीश चौधरी, रौशन कुमार सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Md Ali Raja

संवाददाता, महुआडांड, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!